रिषड़ा, 05 नवंबर(डेस्क)। रिषड़ा के रविंद्र भवन में शनिवार शाम रिषड़ा शहर तृणमूल कांग्रेस के विजया सम्मेलन के दौरान श्रीरामपुर के सांसद कल्याण बनर्जी ने रिषड़ा के पार्षदों और पदाधिकारियों को चेतावनी दे डाली। उन्होंने कहा कि गत कई वर्षों में उन्होंने देखा है कि रिषड़ा के विभिन्न वार्डों में जब चुनाव होते हैं तो पार्षद जीत जाते हैं। लेकिन उन्हीं वार्डों में विधायक और सांसद हार जाते हैं। ऐसा कैसे हो जाता है उन्हें समझ में नहीं आता है। ऐसा इस बार नहीं होना चाहिए। यदि ऐसा इस बार भी होता है तो रिषड़ा में पार्षद और पदाधिकारी होने का क्या फायदा। उन्होंने रिषड़ा के पार्षदों को हिदायत दी कि वे अपने वार्ड में मेहनत करें।
इसके अलावा तृणमूल सांसद ने कहा कि भाजपा जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर विरोधियों को परेशान कर रही है। उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में भाजपा की सरकार नहीं है वहीं ईडी और सीबीआई सक्रिय है। सांसद ने पूछा कि क्या भाजपा शासित राज्यों कोई भ्रष्ट नहीं है। सांसद ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद भाजपा केंद्र की सत्ता से चली जाएगी और भारत को दूसरी आजादी मिलेगी। उसके बाद भाजपा के भ्रष्टाचारियों को चुन चुन कर जेल में भरा जाएगा।