हुगली, 18 जनवरी: प्रदेश तृणमूल नेतृत्व ने लोकसभा चुनाव 2024 से पहले राज्य भर में ब्लॉक अध्यक्षों की नई सूची जारी की है। हुगली जिले में टीएमसी के दो सांगठनिक जिलों के आठ ब्लॉक अध्यक्षों को बदल दिया गया है। इन ब्लॉकों में नये लोगों को जिम्मेदारी दी गयी है।

विशेष सूत्रों के अनुसार संगठन में इस बदलाव के बाद पार्टी में एक बार फिर पुराने और युवा तृणमूल कार्यकर्ताओं के बीच द्वंद शुरू हो गया है। दरअसल, तृणमूल कांग्रेस ने हुगली जिले में दो सांगठनिक जिले बनाए हैं- हुगली-श्रीरामपुर और आरामबाग। जिले के कुल 18 ब्लॉकों के अध्यक्षों के नामों की सूची बुधवार को प्रकाशित कर दी गयी जिसमे से दस ब्लॉकों में पुराने अध्यक्षों को बरकरार रखा गया है लेकिन आठ ब्लॉकों के ब्लॉक अध्यक्षों को बदल दिया गया है।

सिंगूर ब्लॉक तृणमूल अध्यक्ष गोविंद धारा की जगह आनंद मोहन घोष को नया अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, चंडीतला एक ब्लॉक के अध्यक्ष भोलानाथ चट्टोपाध्याय की जगह सनथ संकी को नया अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, पांडुआ ब्लॉक के संजय घोष को हटाकर अनिसुर इस्लाम मोल्ला को नया अध्यक्ष बनाया गया है। चुंचूड़ा-मोगरा ब्लॉक अध्यक्ष बिकास रॉय को हटाकर तापस चक्रवर्ती को अध्यक्ष बनाया गया है।
