हुगली, 19 जनवरी: हुगली जिले के रिषड़ा नगर पालिका के सात नंबर वार्ड के गोसाई बागान इलाके में अज्ञात बदमाशों ने गुरुवार रात एक युवक पर उसके घर के पास ही ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना की खबर सुनकर युवक के परिवार के लोग मौके पर दौड़े खून से लथपथ युवक को श्रीरमापुर वाल्श अस्पताल पहुंचाया जहां से डाक्टरों ने उसे कोलकाता रेफर कर दिया। घायल युवक के परिवार सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार फिलहाल उसका इलाज एसके अस्पताल में चल रहा है। गोलियां निकल गई हैं। युवक की हालत गंभीर है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार युवक का नाम दीपक जायसवाल (24) है। वह हेस्टिंग्स जूट मिल में कार्यरत है। घटना की खबर सुनकर रिषड़ा नगर पालिका के चेयरमैन और स्थानीय पार्षद विजय सागर मिश्रा भी मौके पर पहुंचे।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार गुरुवार रात तीन लोगों ने युवक को गोली मारी और फरार हो गए। इस घटना के बाद इलाके में दहशत है। स्थानीय लोग कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। घायल युवक की बहन सुनीता ने बताया कि दीपक नाइट ड्यूटी करके गुरुवार को सोया था। उठने के बाद वह साह विद्यालय के पास शौच करने गया था तभी उसे गोली मारी गई। सुनीता की बहन ने कहा की गोली लगने के बाद दीपक को स्थानीय लोग अस्पताल पहुंचने को तैयार नहीं थे। परिवार के लोगों ने ही किसी तरह दीपक को श्रीरामपुर वाल्श से अस्पताल पहुंचाया।

घटना की सूचना पर बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल की बैरिकेडिंग कर दी। इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हमलावरों का पता लगाने के लिए पुलिस इलाके के सीसीटीवी को खंगाल रही है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार युवक को गोल दो गोलियां लगी हैं। अब तक पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हिन्दुस्थान सामाचार /धनंजय