हुगली, 3 अप्रैल। वर्ष 2023 में रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान रिषड़ा में हिंसा भड़क गई थी। लेकिन अब वर्ष 2025 में पुराने हिंसा को भूलकर रिषड़ा के लोग आगामी छह अप्रैल को एक भव्य रामनवमी शोभायात्रा के लिए तैयार हैं। इस संदर्भ में मंगलवार देर रात तक रिषड़ा के रविन्द्र भवन में पुलिस प्रशासन के द्वारा समन्वय बैठक का आयोजन किया गया जिसमें चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट के आला अधिकारी, रेल पुलिस के अधिकारी, अग्निशमन विभाग के अधिकारी, स्थानीय जन प्रतिनिधि, नगरपालिका के पार्षद, हिंदू मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

समन्वय बैठक के दौरान सभी ने एक स्वर में कहा कि वर्ष 2023 के रामनवमी शोभायात्रा के दौरान हिंसा भड़क गई थी और मिनी भारत कहे जाने वाले रिषड़ा शहर पर एक दाग लग गया था। लेकिन अब दोनों समुदायों के लोगों को पुलिस प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए आगामी छह अप्रैल को भव्य रामनवमी शोभायात्रा का आयोजन करना है। इस बार किसी शोभायात्रा के दौरान कहीं से कोई चूक नहीं होगी।

पुलिस की ओर से चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट के एसीपी 2 शुभंकर विश्वास ने कहा कि रामनवमी शोभायात्रा के सफल आयोजन के बाद समितियों पुलिस की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा। पुलिस की ओर से यह स्पष्ट कर दिया गया कि शोभायात्रा के किसी प्रकार के हथियार का प्रदर्शन नहीं होगा एवं शोभायात्रा के दौरान डीजे प्रतिबंधित होगा। शोभायात्रा को एक निश्चित समय के भीतर संपन्न करना होगा और जीटी रोड पर शोभायात्रा कहीं नहीं रुकेगी। वहीं डीसीपी श्रीरामपुर अर्णब विश्वास ने कहा कि पुलिस से डरने की जरूरत नहीं है, पुलिस से अपराधी डरेंगे। वर्ष 2024 में उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार रिषड़ा में सफलतापूर्वक शोभायात्रा का आयोजन किया गया था। इस बार का आयोजन भी सफल होगा।