Read Time:3 Minute, 13 Second
हुगली, 29 अक्तूबर: राजद सांसद मनोज झा द्वारा गत दिनों राज्यसभा में ठाकुर का कुंआ कविता पढ़ने के बाद शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब हुगली जिले के रिषड़ा क्षत्रिय जागरण मंच ने मनोज झा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रविवार को संस्था के 24वें स्थापना दिवस के मौके पर रिषड़ा क्षत्रिय जागरण मंच ने सांसद मनोज झा के खिलाफ राज्यसभा के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष से पत्र लिखकर यह मांग की कि मनोज झा के ठाकुर का कुआं वाले बयान को संसद की कार्यवाही से बाहर किया जाए और उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।

संस्था के अध्यक्ष सत्यवीर सिंह चौहान ने कहा कि मनोज झा ने ठाकुरों का अपमान किया है इसलिए उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

संस्था के पूर्व अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने कहा कि देश के निर्माण के लिए मुगल काल से लेकर ब्रिटिश शासन होते हुए वर्तमान समय तक क्षत्रियों ने जितना नुकसान सहा है, उतना किसी ने नहीं सहा। इसके बावजूद मनोज झा जैसे लोगों द्वारा क्षत्रियों के बारे में की गई अपमानजक बयानबाजी अक्षम्य है।

संस्था के कार्यकारिणी के सदस्य राकेश कुमार सिंह ने कहा कि बिहार की राजनीति में जाति का जहर घोलने के लिए मनोज झा ने आपने राजनीतिक आकाओं के इशारे पर क्षत्रियों के खिलाफ निंदनीय बयान दिया था।
बहरहाल, संस्था के 24वें स्थापना दिवस के मौके पर संस्था के अध्यक्ष सत्यवीर सिंह चौहान, सचिव मुकेश कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष अशोक सिंह, संस्था के पूर्व अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, कार्यकारिणी सदस्य राकेश कुमार सिंह, रूपेश कुमार सिंह और अनिल कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में रिषड़ा और आस पास के क्षत्रिय इकट्ठा हुआ एवम् आपस में एकता का संदेश देते हुए पारंपरिक रूप से इस दिवस को मनाया।