रिषड़ा, 04 नवंबर(डेस्क)। रिषड़ा शहर तृणमूल कांग्रेस द्वारा शनिवार शाम रिषड़ा के रविंद्र भवन में आयोजित विजया सम्मेलन के दौरान विधायक डा सुदीप्तो राय ने कहा कि एक जमाने में रिषड़ा में अंधकार हुआ करता था। सत्ता में आने के बाद तृणमूल कांग्रेस ने लाइट की व्यवस्था की। हमने रिषड़ा मातृसदन फिर से शुरू किया, रिषड़ा सेवा सदन पुनः खुलने वाला है। लोगों के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की है। यहां की शिक्षा व्यवस्था में सुधार किया गया है। विधायक ने रिषड़ा विधानचंद्र कॉलेज का उदाहरण देते हुए कहा कि पहले वहां परीक्षाएं नहीं होती थी, छात्र क्लास नहीं कर पाते थे। कॉलेज के मैदान में बाहरी लोगों का जमावड़ा हुआ करता था। लेकिन सत्ता में आने के बाद परिस्थिति बदली और कॉलेज में पढ़ाई का माहौल बना।
इसके अलावा विधायक ने कहा कि सीपीएम को ममता बनर्जी ने ही हराया था और भाजपा को भी ममता बनर्जी ही हराएंगी।
रिसड़ा शहर तृणमूल कांग्रेस के विजया सम्मेलन में श्रीरामपुर के सांसद कल्याण बनर्जी, रिषड़ा नगरपालिका के चेयरमैन विजय सागर मिश्रा, वाइस चेयरमैन जाहिद हसन खान, रिषड़ा शहर तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष मनोज साव सहित रिषड़ा नगरपालिका के पार्षदों के साथ अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।