हुगली, 14 अप्रैल: लोकसभा चुनाव के मौसम में पोस्टरों , बैनरों और दीवार लेखन के माध्यम से सभी दल अपने अपने प्रचार में लगे हैं। इसी बीच श्रीरामपुर लोकसभा केंद्र के रिषड़ा बांगुड पार्क में सीपी(आई)एम के एक दीवार लेखन को लेकर विवाद शुरू हो गया है। इलाके की एक दीवार पर बांग्ला में लिखा गया है, “बीजेमूल हटाओ, देश और राज्य बचाओ।”’ साथ ही इस दीवार पर कार्टून रूप में तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी को कमल के फूल पर खड़ा दिखाया गया है।

स्थानीय पार्षद और श्रीरामपुर सांगठनिक जिला भाजपा की महासचिव शशि सिंह झा ने इस दीवार लेखन पर कड़ी आपत्ति जताई है। रविवार को शशि सिंह झा ने कहा कि माकपा राजनीति के निम्नतम स्तर पर उतर आई है। अब वे लोग राष्ट्रीय प्रतीकों का भी अपमान करने से नहीं चूकते। कमल का फूल भारत का राष्ट्रीय फूल है। साथ ही इसे कई देवताओं पर चढ़ाया जाता है। इस फूल से लाखों लोगों की श्रद्धा जुड़ी है। माकपाके लोगों ने नीचता की हद कर दी है। इसके खिलाफ चुनाव आयोग और प्रशासन को कार्रवाई करनी चाहिए।

वही रिषड़ा शहर तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष मनोज साव ने कहा कि भाजपा और माकपा दोनों दलों के पैर के नीचे की जमीन खिसक चुकी है। जनता इन्हें महत्व नहीं दे रही है। इसलिए ये लोग चर्चा में रहने के लिए इस प्रकार के विषयों को चुनाव के बीच में ला रहे हैं। रिषड़ा के लोग ममता बनर्जी के साथ हैं और भाजपा-माकपा के बहकावे में आने वाले नहीं हैं।

श्रीरामपुर लोकसभा केंद्र की सीपीआईएम उम्मीदवार दीपशीता धर की भी प्रतिक्रिया जानने के लिए उनसे संपर्क की कोशिश की गई। लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।