हुगली, 08 नवंबर(डेस्क)। राज्य के पूर्व खाद्य मंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक की गिरफ्तारी के बाद भारतीय जनता पार्टी ने पूरे राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ अपना आंदोलन तेज कर दिया है। जिलों में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता जगह-जगह भ्रष्टाचारियों को पकड़ने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
इसी क्रम में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रिषड़ा में भी विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं की रैली बुधवार अपराह्न तकरीबन 12:15 बजे रिषड़ा नगरपालिका के सामने पहुंची और भाजपा कार्यकर्ताओं ने तकरीबन एक घंटे तक वहां विरोध प्रदर्शन किया।

इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कहा कि राज्य तृणमूल कांग्रेस सरकार मैं भ्रष्टाचार चरम पर है। अपने भ्रष्टाचार को छुपाने के लिए तृणमूल कांग्रेस उल्टे केंद्र सरकार पर बंगाल को वंचित करने का आरोप लगा रही है। बंगाल सरकार को पहले केंद्र सरकार के पैसों का हिसाब देना चाहिए।

भाजपा के इस विरोध प्रदर्शन के कार्यक्रम में श्रीरामपुर सांगठनिक जिला भाजपा अध्यक्ष मोहन अदक, रिषड़ा नगरपालिका के 10 नंबर वार्ड के पार्षद मनोज सिंह, 11 नंबर वार्ड की पार्षद शशि सिंह झा, श्रीरामपुर मंडल 4 की अध्यक्ष डोली साव, श्रीरामपुर मंडल 5 के अध्यक्ष अमित ब्रह्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा के नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।