हुगली, 26 नवंबर(डेस्क)। हुगली जिले के कोननगर नवग्राम इलाके में शनिवार रात एक महिला पर उसके कथित प्रेमी ने एसिड अटैक कर दिया। पुलिस ने इस मामले में आरोपित को तत्काल गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपित का नाम हारू है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पीड़िता और आरोपित हारू दोनों ही शादीशुदा हैं। महिला परिचारिका का काम करती है। हारू झीलपार इलाके में चाय की दुकान चलाता है। पिछले तीन साल से दोनों के बीच विवाहोत्तर संबंध चल रहा था। किसी कारण से महिला ने हारू से बात करना बंद कर दिया। कथित तौर पर उसी गुस्से के चलते शनिवार रात आरोपित ने महिला पर हमला कर दिया।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जब महिला रात को घर लौट रही थी तो हारू ने उसका पीछा किया। इसके बाद सी ब्लॉक इलाके में महिला पर कथित तौर पर एसिड फेंक दिया। इस घटना में महिला झुलस गई। महिला चिल्लाने पर मोहल्ले के लोग बाहर आ गए और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने महिला को कानाईपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को आरोपित को श्रीरामपुर कोर्ट में पेश किया गया।
जिला भाजपा नेता पंकज राय ने कहा कि इस घटना ने एक बार फिर प्रमाणित कर दिया है कि एक महिला मुख्यमंत्री के राज्य में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं।
