उत्तर दिनाजपुर, 17 जून । उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज महकमे के विप्रडांगी गांव में एक बांग्लादेशी घुसपैठिये ने अपनी आठ महीने की गर्भवती पत्नी की हत्या कर दी और फरार हो गया। मृत महिला का नाम सरजेना खातून (21) है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सरजेना का पति सनफराज अली बांग्लादेशी घुसपैठिया है। वह सरजेना से शादी के बाद से ही उसके साथ गांव में रह रहा था। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सरजेना की मां अन्य राज्य में मजदूरी करती है। सोमवार सुबह बेटी का कोई सुराग न मिलने पर उसने पड़ोसियों को फोन पर घर जाकर देखने को कहा। दरवाजा बाहर से बंद था। जैसे ही गांव के लोग ताला तोड़कर अंदर घुसे, उन्होंने देखा कि सरजेना का शव फर्श पर लहूलुहान अवस्था में पड़ा था। उसे बांधा गया था और उसके सिर पर चोट के निशान थे। घटना के बाद सरजेना को अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपित सनफराज का भारतीय आधार कार्ड उस घर से बरामद हुआ।सवाल उठ रहा है कि अगर वह वाकई बांग्लादेशी नागरिक है तो उसके पास भारतीय दस्तावेज कैसे आए? वह इतने दिनों तक यहां कैसे रहा?पुलिस ने मंगलवार को बताया कि सरजेना की मुलाकात करीब डेढ़ साल पहले सनफराज से हुई थी। सनफराज के एक रिश्तेदार का घर रायगंज के सोरियाबाद में है। वहीं से शादी का प्रस्ताव आया था। शादी के बाद से ही वे विप्रडांगी के घर में रह रहे थे। लड़की के परिवार ने आरोप लगाया कि सनफराज अक्सर शराब के नशे में अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। वह पैसे के लिए दबाव बनाता था। कई बार मारपीट की भी घटना हुई थी।
बहीन ग्राम पंचायत के एक सदस्य ने कहा कि अगर युवक बांग्लादेशी था, तो उसका नाम मतदाता सूची में नहीं होना चाहिए लेकिन आधार कार्ड की वजह से शक और मजबूत हो गया है। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि आरोपित उग्रवादी गतिविधियों में शामिल हो सकता है।
रायगंज थाने के आईसी विश्वश्रय सरकार ने कहा कि एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर कर पूछताछ शुरू कर दी गई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। फरार पति की तलाश की जा रही है। मृत युवती के एक रिश्तेदार ने बताया कि सनफराज बांग्लादेश से आया था। वह यहां दिहाड़ी मजदूर के तौर पर काम करता था।