हुगली, 7 जून। गंगा नदी में कई लोगों को डूबने से बचाने वाले सुरिंदर साहनी(50) शनिवार को खुद उसी नदी में डूब गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार हुगली जिले चुंचुड़ा के बड़ाबाजार इलाके के निवासी सुरिंदर साहनी (50) रोज मैदान में दौड़ते थे। फिर पुराने लांच घाट पर तैरते और नहाते थे। रोज की तरह शनिवार को भी मैदान में दौड़ने के बाद सुरिंदर तैरने और स्नान करने गंगा नदी में उतरे और अचानक डूब गए। खबर मिलते ही चुंचुड़ा के विधायक असित मजूमदार और चुंचुड़ा निवासी तथा सप्तग्राम विधायक तपन दासगुप्ता गंगा घाट पर पहुंचे। चुंचुड़ा थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। आपदा प्रबंधन बल को भी उनकी खोजबीन के लिए बुलाया गया।
तपन दासगुप्ता ने बताया कि सुरिंदर ने पहले भी कई लोगों को गंगा में डूबने से बचाया था। इस दिन नहाने के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे डूब गए। असित मजूमदार ने कहा, ‘जो पानी में डूबने से सबको बचाता था, अगर वह खुद नदी में डूब जाए तो नियति के अलावा और कुछ नहीं है।’
सुरिंदर के भाई बीरेंद्र साहनी ने बताया, भैया बहुत अच्छा तैरना जानते थे। वह रोज गंगा में नहाते थे। आज वह नहाने गए और फिर डूब गए।’ चुंचुड़ा वार्ड नंबर 21 की पार्षद मीता चटर्जी ने बताया कि सुरिंदर की बेटी की शादी नवंबर में है और उन्होंने कल ही लॉज बुक करा लिया था। इस घटना से इलाके में मातम छाया हुआ है।