हुगली, 11 जून: शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में काम कर रही स्वयंसेवी संस्था शोभा जीव कल्याण ट्रस्ट ने देश के विभिन्न हिस्सों में पड़ रहे भीषण गर्मी को देखते हुए पूरे देश में एक करोड़ पेड़ लगाने का संकल्प लिया है।

संस्था के कर्णधार सनी कुमार सिंह ने मंगलवार को रिषड़ा समाचार से खास बातचीत के दौरान बताया कि प्रत्येक वर्ष गर्मी में तापमान बढ़ता ही जा रहा है। यदि इसे नहीं रोका गया तो मानव का अस्तित्व खतरे में आ जाएगा। इस वर्ष की गर्मी में देश में जगह-जगह इसके संकेत भी मिलने लगे हैं। इसलिए हमारी संस्था ने पूरे देश में एक करोड़ वृक्षारोपण का संकल्प लिया है। इस वर्ष 5 जून को पर्यावरण दिवस के साथ ही हमने वृक्षारोपण और वृक्ष वितरण कार्यक्रम की शुरुआत कर दी है। रोज हमारे कार्यालय से विभिन्न प्रकार के वृक्ष वितरित किए जा रहे हैं। अब तक 1000 से अधिक पौधे वितरित किए जा चुके हैं। स्कूल, कॉलेज, अस्पतालों और खाली पड़े सार्वजनिक स्थलों पर हम जल्द ही वृक्षारोपण कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे।

इसके लिए हमें विभिन्न विशिष्ट लोगों एवं सामाजिक संस्थाओं से सहयोग मिल रहा है। लोग हमारे अभियान को सफल बनाने के लिए हमारी हर संभव मदद कर रहे हैं। सनी कुमार सिंह ने कहा कि जब तक हम एक करोड़ वृक्षारोपण के लक्ष्य को हासिल नहीं कर लेते तब तक हमारा कार्यक्रम लगातार चलेगा। अपने लक्ष्य को पूरा किए बगैर हम रुकने वाले नहीं हैं।

Good news