बर्दवान, 10 जनवरी(हि. स.): पूर्व बर्दवान जिले के बलगोना में बुधवार को काटवा से कैदियों को बर्दवान लेकर जा रही पुलिस वैन पलट गई। सूत्रों के अनुसार एक पैदल यात्री को बचाने के क्रम में ये हादसा हुआ। इस घटना में एक पुलिस कर्मी और पैदल यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायल पुलिसकर्मी का नाम देबब्रत घोष है और राहगीर का नाम मुक्तिधारा है, उसका घर भातार के बलगोना में है।
इसे भी पढ़े: युवा संकल्प यात्रा: गिरफ्तार भाजपा नेताओं को नहीं मिली जमानत
हादसे के बाद बलगोना इलाके में कुछ देर के लिए यातायात रुक गया। खबर पाकर भातार थाने की पुलिस मौके पहुंची और यातायात सामान्य कराया। दोनों घायल व्यक्तियों को पहले भातार ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में दोनों को बर्दवान मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।

एक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा, ””पुलिस की गाड़ी की गति सामान्य से अधिक नहीं थी। लेकिन वो शख्स गाड़ी के सामने आ गया। इसलिए दुर्घटना हुई।”
