हावड़ा, 04 जनवरी: लोकसभा चुनाव को लेकर बंगाल की राजनीति के गरमाते माहौल के बीच केंद्रीय केंद्रीय जहाजरानी राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर ने कहा कि नागरिकता संशोधन अधिनियम, 2019 या सीएए आगामी लोकसभा चुनाव से पहले लागू किया जाएगा। गुरुवार को मंत्री शांतनु ठाकुर ने कहा, ”नियम बनते ही हम सीएए लागू कर देंगे। सीएए 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले भारत में लागू हो जाएगा।”

बता दें कि यह नागरिकता संशोधन कानून 2019 में दिल्ली में दूसरी बार मोदी सरकार बनने के बाद पारित किया गया था। लेकिन कई साल बीत जाने के बाद भी यह कानून अब तक लागू नहीं हो सका है।
शांतनु ठाकुर ने कहा, ”सीएए लागू करने में कोई कठिनाई नहीं है। कई लोग इस बात से हैरान हैं कि इसे अभी भी लागू क्यों नहीं किया जा रहा है। लेकिन सीएए सिर्फ एक-दो साल का मुद्दा नहीं है। यह 75 साल की लंबी समस्या है।” उनके मुताबिक नागरिकता संशोधन कानून को लागू करते समय अलग-अलग भौगोलिक, धार्मिक और सामाजिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए एक नियम बनाने की जरूरत है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर नियम बनाने पड़ते हैं, इसलिए इसमें समय लगता है।
लेकिन साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि इस कानून का नियम बनाया जाएगा और लोकसभा चुनाव से पहले यह लागू हो जाएगा। बता दें कि केंद्रीय मंत्री होने के साथ-साथ वह ठाकुरनगर में मतुआ महासंघ के ठाकुरबाड़ी के सबसे महत्वपूर्ण सदस्यों में से एक हैं।
गौरतलब है कि ठाकुरबाड़ी का एक और अहम चेहरा ममता बाला ठाकुर फिर से तृणमूल के करीब हैं। वह पूर्व तृणमूल सांसद भी हैं। हाल ही में उन्होंने नागरिकता और एनआरसी के मुद्दे पर भी तंज कसा था। ममता बाला ठाकुर ने नागरिकता नहीं मिलने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।
केंद्रीय मंत्री के दावे को लेकर राज्य के मंत्री अरूप रॉय से संपर्क किया गया। हालांकि, उनका कहना था ”मुख्यमंत्री पहले ही कह चुकी हैं कि बंगाल में सीएए लागू नहीं किया जाएगा। उसके बाद फिर कोई बात नहीं होती। वे सीएए के नाम पर चुनाव कराना चाहते हैं।”

[…] इसे भी पढ़ें : लोकसभा चुनाव से पहले लागू हो जाएगा नाग… […]