हुगली, 10 दिसंबर(डेस्क): हालही में निम्न दबाव के कारण राज्य में हुई बरसात से एक के बाद एक कई बीघे की फसल बर्बाद हो गयी है। नए रोपे गए आलू जमीन में सड़ गए हैं। धान की फसल खराब हो गई है। शनिवार तक इस कारण राज्य में तीन किसानों के आत्महत्या की खबर आई थी।

इसी बीच हुगली जिले के आरामबाग में एक किसान ने रविवार को फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक का नाम जयदेव सरकार(71) था। वे आरामबाग के बातानल ग्राम पंचायत के कांचगोड़या गांव के निवासी थे।

परिवार के सदस्यों का दावा है कि जयदेव ने आरामबाग में अपने भतीजे के घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जयदेव के परिवार के लोगों ने बताया, ‘उस पर काफी कर्ज हो गया था, ढाई से तीन लाख रुपये। उन्होंने 7-8 बीघे जमीन पर खेती की। सारी फसल बर्बाद हो गई है। पानी में डूब गया है, बह गया है। इसलिए परेशान होकर जयदेव ने आत्महत्या कर ली। बहरहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
