हुगली, 21 नवंबर(डेस्क)। राज्य में लगातार हिन्दीभाषियों के अपमान का आरोप झेल रही संस्था बंग्लार पक्ष के खिलाफ सोमवार को श्रीरामपुर में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। श्रीरामपुर अदालत परिसर में एसडीओ कार्यालय के बाहर संस्था के एक कार्यक्रम के दौरान सोमवार को हंगामा हो गया।

सूत्रों के अनुसार संस्था के कार्यकर्ता सोमवार को एसडीओ कार्यालय के बाहर झंडा लेकर नारेबाजी कर रहे थे। तभी बाहर से किसी ने कुछ बोल दिया। इसके बाद संस्था के सदस्य गुट बनाकर उस शख्स को पकड़ने पहुंचे। इसी दौरान मौजूद स्थानीय लोगों ने हंगामा कर दिया। आरोप है कि इस दौरान सस्ता के सदस्यों के साथ मारपीट की गई। बहरहाल, मौके पर मौजूद पुलिस ने किसी तरह मामला शांत करवाया।
संस्था के सदस्यों के अनुसार जब ने नारा लगा रहे थे तब किसी ने उन्हें बांग्लादेशी कहा। इसीलिए वे इस शख्स को पकड़कर पुलिस के हवाले करना चाहते थे। लेकिन इसी दौरान उनपर हमला कर दिया गया।
बहरहाल, स्थानीय लोगों के अनुसार संस्था हमेशा लोगों को भाषा के नाम पर बांटती है। समय समय पर संस्था के सोशल मिडिया हैंडल्स पर हिन्दी भाषियों के खिलाफ आपत्ति जनक टिप्पणी की जाती रही है। बार बार हिन्दी भाषियों को संस्था के लोग बाहरी बताते हैं। इसके अलावा राज्य में हिन्दी दिवस मनाया जाने को लेकर भी संस्था ने विरोध जताया था। हाल ही में आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर भी विवादित टिप्पणी करने के बाद संस्था का नाम चर्चा में आया था। इन सब को लेकर लोगों के मन में संस्था के खिलाफ गुस्सा था। मंगलवार को अपना कार्यक्रम छोड़कर संस्था के लोग एक युवक को पकड़ने गए जिसके बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क गया।
