हुगली, 15 नवंबर(डेस्क): दीपावली की समाप्ति के बाद से ही पूरे देश में आस्था के महापर्व छठ की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में चांपदनी नगरपालिका भी अपने इलाके में आने वाले छठ घाटों की साफ सफाई और मरम्मत में जुट गई है।
बुधवार को चांपदानी नगर पालिका के चेयरमैन सुरेश मिश्रा ने चांपदानी नगर पालिका क्षेत्र में आने वाले छठ घाटों का दौरा किया और इन घाटों पर छठ पूजा को लेकर हो रहे तैयारियों का निरीक्षण किया।
मिश्रा ने बताया कि चांपदानी में मुख्यत: तीन छठ घाटों पर छठव्रती डूबते और उगते सूर्यदेव को अर्घ्य देते हैं। इस दौरान इन घाटों पर तकरीबन 80 हजार लोगों का समागम होता है। पूरा चांपदानी छठ पूजा के दिन घाटों पर होता है। नगरपालिका की ओर से छठ घाटों की साफ सफाई और मरम्मत का काम तेजी से हो रहा है। नगरपालिका की प्राथमिकता है कि किसी भी छठ व्रती को छठ पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी चांपदानी की घाटों पर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के चाक चौबंद प्रबंध किए जाएंगे।