हुगली, 9 नवंबर(डेस्क): एक तरफ जहां तृणमूल कांग्रेस केंद्र पर आर्थिक वंचना का आरोप लगाकर राज्य भर में प्रदर्शन कर रही है, वहीँ भारतीय जनता पार्टी अब राशन भ्रष्टाचार को लेकर तृणमूल पर हमलावर होते जा रही है।
गुरुवार को हुगली सांगठनिक जिला भाजपा अध्यक्ष तुषार मजूमदार के नेतृत्व में राशन भ्रष्टाचार के विरोध में भाजपा समर्थकों ने सप्तग्राम विधानसभा अंतर्गत अलीनगर चौराहे से पोलबा से दादपुर बीडीओ कार्यालय तक जुलूस निकाला। बीडीओ कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया गया। प्रदेश की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का पुतला भी फूंका गया।
इसी क्रम में बीजेपी समर्थकों ने बालागढ़ बीडीओ कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश के आपत्तिजनक बयान के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा के नेतृत्व में विरोध मार्च निकाला गया। महिलाओं पर नितीश कुमार की अभद्र टिप्पणी में खिलाफ नारेबाजी की गई और नितीश कुमार के इस्तीफे की मांग की गई। नीतीश कुमार का पुतला फूंकने के बाद भाजपा का प्रदर्शन खत्म हुआ।
चांपदानी में भी भाजपा नेता किशन साव के नेतृत्व में भाजपा समर्थकों ने प्रदर्शन किया।