हुगली, 27 अक्टूबर(डेस्क)। प्याज की कीमतों में बढ़ोतरी के विरोध में शुक्रवार को हुगली जिले के चुंचूड़ा में तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता सड़क पर उतरे। स्थानीय विधायक असित मजूमदार के साथ तृणमूल कार्यकर्ताओं ने गले में प्याज की माला पहनकर मार्च किया। शुक्रवार सुबह तृणमूल कांग्रेस की रैली घड़ी मोड़ से शुरू हुई। तृणमूल कार्यकर्ताओं ने मार्केट के सामने नारेबाजी भी की।
असित मजूमदार ने कहा, ”प्याज की कीमत 80 रुपए प्रति किलो है। तेल की कीमतें, गैस की कीमतें भी ऊंची हैं। रोजमर्रा की जरूरतों की चीजों के दाम तेजी से बढ़ रहे हैं। केंद्र इस पर नियंत्रण नहीं कर पा रहा है। केवल तृणमूल कांग्रेस ही लोगों के हक में लड़ रही है। वर्ष 2024 में भाजपा को हराने के लिए लोगों से आशीर्वाद मांग रहा हूं। राज्य सरकार के पास एक टास्क फोर्स है। लेकिन केंद्र सरकार कीमतों पर नियंत्रण रखती है। प्याज की कीमत इसलिए बढ़ रही है क्योंकि तेल की कीमत बढ़ रही है। राज्य का यहां कोई लेना-देना नहीं है।”’
वहीं, हुगली सांगठनिक जिला भाजपा के अध्यक्ष तुषार मजूमदार ने कहा, ”सारी जमीन सिंडिकेट के हाथ में है। कहां होगी खेती? सत्ता पक्ष के सारे चोर पकड़े जा रहे हैं और उससे ध्यान भटकाने के लिए उन्हें गले में प्याज लटकाकर घूमना पड़ रहा है।”